प्रदेश सरकार ने मिशन रोजगार के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्स के 4,743 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद मात्र पांच महीने में चयन प्रक्रिया को पूरा किया है। वहीं स्टाफ नर्स के 448 पदों पर भर्ती का विज्ञापन इसी महीने जारी होगा। प्रदेश सरकार ने पांच साल में करीब साढ़े चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि लोक सेवा आयोग ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित पदों का चयन जल्द से जल्द वरीयता के आधार किया है। उन्होंने बताया कि एलोपैथिक चिकित्साधिकारी (श्रेणी-2) के 15 संवर्गों के 3,620 पदों पर भर्ती का विज्ञापन 28 मई 2021 को जारी किया गया था। उन्होंने बताया कि आयोग ने समय से पहले साक्षात्कार पूरे कर पीडियाट्रिक्स औ एनेस्थेटिस्ट के परिणाम 18 अगस्त को जारी कर दिए। शेष सभी संवर्गों का अंतिम परिणाम 2 नवंबर को जारी कर दिया।
उन्होंने बताया कि एम. ओ. एच सह सहायक आचार्य के पांच तथा सहायक आचार्य, ब्लड बैंक के 15 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार हो चुका है। इन पदों का परिणाम इसी सप्ताह जारी कर दिया जाएगा जबकि सहायक आचार्य के शेष पदों पर यथाशीघ्र साक्षात्कार कराने की कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के बीच भी भर्तियों की रफ्तार नहीं थमी। स्टाफ नर्स ( सिस्टर ग्रेड-2) महिला एवं पुरुष के 4,743 पदों का विज्ञापन 16 जुलाई को जारी किया गया था। आवेदन के लिए एक माह का समय दिया गया और मात्र डेढ़ मास में तीन अक्टूबर को लिखित परीक्षा आयोजित कर परिणाम जारी किया गया। 3014 पदों पर अभ्यर्थी चयनित हुए और 1729 पद खाली रहे है। आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत ने बताया कि स्टाफ नर्स पुरुष के शेष 448 रिक्तियों का विज्ञापन भी इसी माह जारी कर दिया जाएगा।