कानपुर में विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुट्टू एवं कुट्टू के आटे सहित कुल 390 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए, जिनका कुल मूल्य 81 हजार 300 रुपये है। वहीं, हरि कृष्णा इंटरप्राइजेज पर 60 किलोग्राम कुट्टू साबुत अस्वच्छ स्थिति में पाए जाने के कारण जब्त किया गया। इसकी कीमत विभागीय विवरण में 1.50 लाख रुपये दर्ज है। उन्नाव में आगरा एक्सप्रेसवे पर लखनऊ की ओर आ रहे एक पिकअप वाहन से 4 क्विंटल कॉन्टेमिनेटेड खाद्य सामग्री पर कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त, फर्रुखाबाद में अरिनशा मिल्क प्रोडक्ट्स लिमिटेड के अलावा अलीगढ़ और कासगंज में भी विभागीय टीमों ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिन्हें नियमानुसार जांच के लिए भेजा जा रहा है। मऊ में एक प्रतिष्ठान पर बिलौटी एवं संदूषित पाए गए 60 किलोग्राम दूध को नष्ट कराया गया। इसकी कीमत 3,600 रुपये है।
इसके अतिरिक्त 90 किलोग्राम मिल्क केक भी नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 18 हजार रुपये है। लखीमपुर में मंडलीय प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान एक प्रतिष्ठान से 210 किलोग्राम घी जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 34 हजार 400 रुपये है।
छोटे दुकानदारों का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं
यूपीएफएसडीए आयुक्त डॉ रोशन जैकब ने प्रवर्तन दलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच और कार्रवाई के नाम पर छोटे दुकानदारों एवं खुदरा विक्रेताओं का अनावश्यक उत्पीड़न न किया जाए। अभियान का उद्देश्य गंभीर अनियमितताओं में संलिप्त कारोबारियों, मिलावट करने वालों तथा मिथ्या छाप वाले खाद्य पदार्थों का निर्माण या विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करना है। प्रवर्तन दलों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।