विरोध के नाम पर देश को पीछे धकेलने का प्रयास किया जा रहा
सीएम ने कहा कि आज कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध कर रहे हैं। विरोध की भी अपनी एक सीमा होती है। लोकतांत्रिक विरोध के नाम पर देश को पीछे धकेलने और अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन डबल इंजन की सरकार इसे स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के मान-सम्मान के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। जिस तरह देश में नक्सलवाद और आतंकवाद पर कार्रवाई की गई है, उसी तरह भारत की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने और अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।
सीएम ने कहा कि चुनाव हारने के बाद कुछ लोग प्रशासन को धमकाते हैं, न्यायालय पर टिप्पणी करते हैं और नौजवानों को भड़काने का काम करते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में कोयला घोटाले, कॉमनवेल्थ घोटाले और खाद्यान्न घोटाले सहित भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए थे।
आज प्रदेश में कोई दंगा नहीं कर सकता
उन्होंने कहा कि जिन लोगों की विकास में रुचि नहीं थी, वे वर्ष 2017 से पहले विकास के पैसे को कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल बनाने पर खर्च करते थे और दंगाइयों को प्रेरित व प्रोत्साहित किया जाता था। आज प्रदेश में कोई दंगा नहीं कर सकता। बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। ऐसे लोगों के लिए जेल या जहन्नुम का रास्ता है, तीसरा कोई रास्ता नहीं है।
सीएम ने आगे कहा कि आज एक बार फिर बलरामपुर जिले को 803 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है। विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। क्षेत्र में विकास की हर योजना और आवश्यकता को पूरा किया जाएगा। किसानों, व्यापारियों और बेटियों की जरूरतों को पूरा करने का काम भाजपा की डबल इंजन सरकार करेगी। बलरामपुर को विकसित जनपद के रूप में स्थापित करते हुए भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी का आशीर्वाद और सहयोग जरूरी है।