केंद्रीय बजट में यूपी में रेलवे के कायाकल्प के लिए 20012 करोड़ रुपये का इंतजाम किया गया है। इससे प्रदेश में ट्रेनों को रफ्तार देने, हाईस्पीड ट्रैक, अत्याधुनिक रेलवे स्टेशनों, सेफ्टी आदि से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। दिल्ली में सोमवार को प्रेसवार्ता में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी। इसका हजरतगंज स्थित उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डीआरएम कार्यालयों में भी प्रसारण हुआ।
इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक सुनील वर्मा एवं गौरव अग्रवाल ने प्रेसवार्ता कर बताया कि गत वर्ष बजट में यूपी में रेलवे की गतिविधियों के लिए 19858 करोड़ रुपये दिए गए थे, जो इस बार बढ़ाकर 20012 करोड़ रुपये किए गए हैं। यह कांग्रेस की सरकारों में दिए गए बजट से कई गुना अधिक है। बजट में खास बात यह है कि देशभर में सात हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाने हैं, जिसमें दो यूपी को मिले हैं।
दिल्ली से वाराणसी व वाराणसी से सिलिगुड़ी के बीच हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इसकी डीपीआर जल्द तैयार की जाएगी। हालांकि ट्रेनें किन रूटों से गुजरेंगी, इससे संबंधित सवालों के जवाब रेलमंत्री ने नहीं दिए। उन्होंने बताया कि दिल्ली से वाराणसी हाईस्पीड कॉरिडोर यूपी के कई शहरों को जोड़ेगा। यह यात्रा 3.50 घंटे में पूरी हो सकेगी। दिल्ली से सिलीगुड़ी तक इकोनॉमिक कॉरिडोर बनेगा।
7746 करोड़ से 157 स्टेशन बनेंगे उन्नत
अश्विनी वैष्णव, रेल मंत्री
- फोटो : ANI
पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में 7746 करोड़ रुपये की लागत से 157 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन स्कीम में विकास कराया जा रहा है। इसमें 22 स्टेशनों पर काम पूरा हो चुका है। लखनऊ के बादशाहनगर, डालीगंज, सिटी आदि स्टेशनों को विकसित कर दिया गया है।
कवच सिस्टम से सुरक्षा होगी पुख्ता
उत्तर रेलवे के डीआरएम सुनील वर्मा ने बताया कि प्रदेशभर में 4330 रूट किमी रेलखंड पर कवच सिस्टम सुरक्षा के लिए लगाया जाएगा। 71 रूट किलोमीटर सेक्शन में लग चुका। इसके अतिरिक्त वर्ष 2014 से अब तक 5500 किमी रेलखंड का निर्माण हो चुका है। जो स्विट्जरलैंड के रेलवे नेटवर्क के बराबर है।
34 वंदे भारत, 36 अमृत भारत ट्रेनें दौड़ रहीं
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यूपी में वर्ष 2014 से अब तक 7,176 किमी रेलवे लाइन इलेक्ट्रिफाइड हो चुकी है। साथ ही 34 वंदे भारत और 36 अमृत भारत ट्रेनें पटरियों पर दौड़ रही हैं। 1694 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जा चुके हैं।