राष्ट्रीय राजधानी सहित पूरे उत्तर भारत में शुक्रवार को धूल भरी तेज आंधी के कारण शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 450 से ज्यादा उड़ानें बाधित हुईं। उड़ानों में देरी के कारण हवाई अड्डे पर सैकड़ों यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। जाम के कारण कुछ उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। इसके कारण शनिवार को भी परिचालन प्रभावित रहा और उड़ानों पर इसका असर पड़ा। परेशान यात्रियों ने कई वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन में सुधार हो रहा है, हालांकि शुक्रवार रात की मौसम की स्थिति के कारण कुछ उड़ानें अब भी प्रभावित हैं। पोस्ट में कहा गया कि विभिन्न डायल की टीम यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं। विमानन कंपनी एअर इंडिया ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से उड़ान की स्थिति पता करने के बाद ही हवाई अड्डे की ओर प्रस्थान करने का अनुरोध किया है। एडवाइजरी में कहा गया है कि दिल्ली आने और जाने वाली हमारी कुछ उड़ानें या तो विलंब हैं या उन्हें डायवर्ट कर दिया गया है। हम असुविधा को कम से कम करने के लिए हालात पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।
वहीं, उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24डॉट कॉम पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 450 से अधिक उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई है और विमानों के प्रस्थान में औसत देरी 40 मिनट से अधिक रही। विमानन कंपनी इंडिगो ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, दिल्ली में हवाई यातायात की भीड़ के कारण विमानों को उड़ान भरने और उतरने की मंजूरी के लिए रोका जा रहा है। इस वजह से पूरे नेटवर्क में कुछ उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। दरअसल हवाई अड्डे पर अभी केवल तीन रनवे चालू हैं। एक रनवे रखरखाव कार्यों के लिए बंद है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में सोमवार से तापमान 45 से 46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की है। यह स्थिति 16 अप्रैल तक रह सकती है। विभाग का कहना है कि जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र में गंभीर लू चलने की संभावना है, जहां तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके अलावा जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में शनिवार को गरज के साथ बारिश की भी संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में 16 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर कई जगह बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। शुक्रवार रात शिमला सहित पहाड़ी क्षेत्रों बारिश बर्फबारी हुई। मौसम में आए बदलाव से मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से कुछ राहत मिली है। शनिवार को प्रदेश में कई जगह दिन भर बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 16 और 17 अप्रैल को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, शिमला और मंडी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।