महिला यात्रियों को मिलेंगे सैनेटरी पैड
वंदे भारत ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही सैनेटरी पैड, टिश्यू और स्वच्छता से जुड़ी अन्य सामग्री उपलब्ध होगी। इसके लिए प्रत्येक कोच के चार वॉशरूम में से एक में विशेष बॉक्स लगाया जाएगा। रेलवे कोच वर्टिकल के सीनियर मैनेजर गुंजन पटेल के मुताबिक, इन बॉक्स का निर्माण गाजियाबाद में किया जा रहा है। जल्द ही इन्हें ट्रेनों में फिट किया जाएगा।
वेंटिलेशन सिस्टम से दूर होगी घुटन
वंदे भारत, तेजस समेत अन्य हाईस्पीड ट्रेनों में यात्रियों को घुटन महसूस होने की शिकायत दूर करने के लिए नया वेंटिलेशन सिस्टम प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। इसे ट्रेनों में लगाने की योजना है। इससे शुद्ध हवा का प्रवाह बेहतर होगा और यात्रियों को राहत मिलेगी।
एआई से उन्नत होगी रेल तकनीक
प्रदर्शनी के दूसरे दिन स्मार्ट रेल कोच, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित रेल मोबिलिटी, हाइड्रोजन ट्रेन, वैकल्पिक ईंधन और ऊर्जा-कुशल लोकोमोटिव पर सेमिनार हुए। इसके अलावा कवच तकनीक, स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, हाईस्पीड रेल इंफ्रास्ट्रक्चर, सुरंग निर्माण और रेलवे के डिजिटल परिवर्तन पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।