अयोध्या जिले में पुलिस पिछले दो-तीन महीने से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये आपस में बातचीत और मीटिंग के लिए मोबाइल एप जूम का इस्तेमाल कर रही है। यूपी 112 को अयोध्या पुलिस का यह तरीका बेहद पसंद आ रहा है।
इसलिए यूपी 112 ने भी अपने पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश देने और कार्यों की समीक्षा के लिए इस एप का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। सोमवार को यूपी 112 के एडीजी असीम अरुण ने अयोध्या जिले के पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बात की।
उन्होंने कहा, इस एप से बातचीत में समय व पैसे की भी बचत होगी। अभी तक वीडियो कांफ्रेंसिंग सिस्टम के लिए लाखों रुपये खर्च करने होते हैं। मोबाइल एप जूम पर एक साथ 100 लोगों को जोड़कर बात की जा सकती है।
लॉकडाउन के दौरान कोरोना से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग में यह काफी कारगर साबित हो रहा है। अब यूपी 112 अपने पीआरवी पर तैनात जवानों की समस्याओं को जानने और कानून व्यवस्था को बनाए रखने संबंधी निर्देश के लिए इस एप का इस्तेमाल करेंगे।