उन्नाव रेप पीड़िता के साथ हुए रायबरेली में सड़क हादसे की जांच कर रही सीबीआई ने मंगलवार को भी इस मामले में पूछताछ का सिलसिला जारी रखा। मंगलवार को आढ़तियों और मोरंग खरीदने वाले व्यक्ति को पूछताछ के लिए लखनऊ दफ्तर पर बुलाया।
वहीं माखी थाने के पुलिस कर्मियों से लगातार तीसरे दिन पूछताछ का सिलसिला जारी रहा। पुलिस की छोटी बस में बैठकर उन्नाव से आए लगभग दर्जन भर पुलिस कर्मियों से पूरे दिन पूछताछ चली। सीबीआई इस पूरे हादसे की कड़ी से कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है।
सूत्रों का कहना है जांच में सीबीआई फिलहाल एक्सीडेंट की कड़ियां उन्नाव रेप कांड से जोड़ने में मददगार साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में सीबीआई ने रायबरेली के देदौर गांव निवासी कृष्ण चंद्र को पूछताछ के लिए तलब किया।
कृष्ण चंद्र के घर पर मोरंग गिराने के बाद ट्रक चालक लौट रहा था और गुरुबख्शगंज में उन्नाव रेप पीड़िता की कार से भिड़ गया। जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई और पीड़िता व उसका वकील गंभीर रूप से घायल हो गया था। दोनों का इलाज फिलहाल दिल्ली एम्स में चल रहा है।