दिवाली पर शहरों से लेकर गांवों तक भरपूर बिजली आपूर्ति के लिए पावर कॉर्पोरेशन कोई कसर नहीं छोड़ने के मूड में है।
द्विपक्षीय समझौते और एनर्जी एक्सचेंज से अतिरिक्त बिजली का इंतजाम करने के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश से 275 मेगावाट बिजली बैंकिंग के जरिये भी ली जाएगी।
इस बीच धनतेरस के मौके पर प्रदेश के उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली मुहैया कराने के लिए 1200 मेगावाट बिजली एनर्जी एक्सचेंज व 750 मेगावाट बिजली द्विपक्षीय समझौते के तहत खरीदी गई।
पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन ने शुक्रवार से 4 नवंबर तक प्रदेश में कटौतीमुक्त विद्युत आपूर्ति का फैसला किया है।
पढ़ें-कल चलेगी दिल्ली के लिए स्पेशन ट्रेन
चेयरमैन संजय अग्रवाल ने अभियंताओं को आवश्यकतानुसार बिजली का इंतजाम करके आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा है।
त्योहार पर बिजली की कमी न रहे इसके लिए कार्पोरेशन ने हर उपलब्ध स्रोत से इंतजाम किया है।
द्विपक्षीय समझौते के तहत ट्रेडिंग कंपनियों से बिजली खरीदने के साथ-साथ रात 12 बजे से सुबह छह बजे तथा शाम छह बजे से रात 12 बजे तक बैंकिंग की बिजली भी ली जाएगी।
बैकिंग के तहत हिमाचल प्रदेश से ली जाने वाली यह बिजली बाद में लौटाई जाएगी।
आपूर्ति को लेकर प्रबंधन के निर्देश के बाद शक्ति भवन स्थित नियंत्रण कक्ष से बिजली की मांग और उपलब्धता की सघन मॉनीटरिंग की जा रही है।
उपलब्धता का आकलन करके अगले दिन संभावित मांग के आधार पर एनर्जी एक्सचेंज में बिजली खरीदने की बोली लगाई जा रही है।
पढ़ें-शहजादे' को अखिलेश का करारा जवाब
रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक 1200 मेगावाट तथा रात 10 बजे से 12 बजे तक 500 मेगावाट बिजली खरीदने की बोली लगाई गई।
नियंत्रण कक्ष के अभियंताओं का दावा है कि धनतेरस पर पूरे प्रदेश में कटौतीमुक्त आपूर्ति की गई।
कोशिश यही है कि 4 नवंबर तक खास तौर पर शाम छह बजे से सुबह पांच बजे तक कहीं भी अतिरिक्त आपात कटौती न हो।