लखनऊ। आशियाना के सेक्टर एच में बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झोपड़ी में जा घुसी। इससे तीन मजदूर चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल मजदूरों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। चालक मौके से भाग गया।
आशियाना के सेक्टर-एच में निजी कांप्लेक्स का निर्माण चल रहा है। उसके बाहरी हिस्से में सड़क किनारे छत्तीसगढ़ के तीन मजदूर झोपड़ी बनाकर अपने परिवार के साथ रहते हैं। झोपडी में धर्मेंद्र सब्जी और पान मसाले की दुकान चलाता है। बुधवार शाम दुकान के पास ही तीन मजदूर आग जलाकर ताप रहे थे तभी अचानक कार मजदूरों को अपनी चपेट में लेते हुए दुकान में जा घुसी। कार सवार गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया। हादसे में घायल राधेश्याम साहू (35) निवासी बिलासपुर छत्तीसगढ़, दिलीप कुमार निर्वांकर (32) व जयपाल उर्फ दोकलू (35) घायल हैं। जयपाल की हालत काफी गंभीर है, जिसे डॉक्टरों ने ट्रॉमा के लिए रेफर कर दिया है। आशियाना पुलिस ने कार को अपनी कस्टडी में लेकर वाहन स्वामी का पता लगाने में जुट गई है।
हादसे में घायल श्रमिक।
हादसे में घायल श्रमिक।