बख्शी का तालाब। बीकेटी के देवरई कला में शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर दो गाड़ियों से टकरा गई। हादसे में तीन कारों में सवार दस लोग घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल एक युवक को पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। कानपुर के रामादेवी निवासी मिथिलेश, बर्रा के हर्षित कटिहार, बजरिया की सना और नवाबगंज की शिवांगी श्रीवास्तव सुबह परीक्षा देने कार से इंटीग्रल यूनिवर्सिटी जा रहे थे। कार कानपुर के शिवराजपुर निवासी कार्तिकेय चल रहा थे, जिसकी रफ्तार काफी तेज थी। दोपहर करीब 12 बजे बीकेटी के देवरई कला में कार्तिकेय का कार से नियंत्रण खो गया। इससे कार डिवाइडर पार करते हुए पलट गई और बाराबंकी की ओर से आ रही दो अन्य कारों से जा टकराई।
हादसा देखकर सहमे राहगीर
हादसा देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की रूह कांप उठी। कार सवारों की चीख पुकार सुनकर लोगों ने आनन-फानन कार सीधी की। तीनों कारों से 10 लोगों को निकाला गया। दुर्घटना में दूसरी कार में सवार गुडंबा निवासी चालक त्रिलोकी, विजय सिंह और गोविंद गौतम घायल हो गए। तीसरी कार में सवार एक युवक और महिला भी चोटिल हो गए। पुलिस के आने के पहले दोनों कार लेकर चले गए। पुलिस ने लोगों की मदद से बाकी घायलों को राम सागर मिश्र हॉस्पिटल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने गोविंद को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि कार की तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ है। गोविंद की हालत काफी नाजुक है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।