महानगर के छन्नीलाल चौराहे पर रविवार को तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक सवार पेंटर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पेंटर गिरकर कार में फंस गया मगर चालक ने भागने की कोशिश में स्पीड कम नहीं की। इस दौरान कार ने स्कूटी और साइकिल सवार दो अन्य लोगों को भी टक्कर मार दी। राहगीरों ने घेराबंदी कर कार रुकवाकर चालक को पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है।
बंशी विहार, बालागंज, थाना ठाकुरगंज निवासी अफसर अली (32) पेंटिंग का काम करते थे। रविवार को वह बाइक से कहीं जा रहे थे। तभी महानगर में छन्नीलाल चौराहे पर तेज रफ्तार ऑडी कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे अफसर अली गिरकर कार में फंस गए मगर चालक ने ब्रेक नहीं लगाया। उसने भागने के प्रयास में साइकिल से जा रहे बाराबंकी निवासी दयाराम व एक स्कूटी सवार को भी टक्कर मार दी।
राहगीरों ने घेराबंदी करके ऑडी चला रहे विभूतिखंड के ओमेक्स हाइट्स निवासी मनीष चंद्र वाजपेयी (35) को पकड़ने के साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस ने मनीष चंद्र वाजपेयी को हिरासत में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल अफसर अली को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दयाराम को महानगर के भाऊराव देवरस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि हादसे में मामूली रूप से घायल स्कूटी सवार मौके से चला गया।
महानगर इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि कार चला रहे मनीष चंद्र वाजपेयी की मानसिक हालत ठीक नहीं प्रतीत हो रही है। दो महीने पहले ही उनका हार्ट का ऑपरेशन होना बताया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि हादसा करने वाली ऑडी कार कब्जे में लेकर आरोपी मनीष से पूछताछ की जा रही है। मामले में रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।