थानों से एक सप्ताह में हटेंगे लावारिस व जब्त चार पहिया वाहन
थाना परिसर और सड़क घेरकर खड़े जब्त व लावारिस चार पहिया वाहनों को एक सप्ताह के भीतर हटाया जाएगा।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने थानों को अतिक्रमणमुक्त करने, साफ-सफाई और वहां जगह बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि ऐसे चार पहिया वाहनों को पीजीआई स्थित ट्रैफिक लाइन भेजा जाएगा।
राजधानी की वीआईपी कोतवाली हजरतगंज से लेकर मुख्य सड़क पर स्थित गाजीपुर, आलमबाग, कृष्णानगर और तंग इलाकों वाले अमीनाबाद, कैसरबाग, ठाकुरगंज व चौक जैसे थानों में चार पहिया छोटे-बड़े वाहनों की काफी तादाद है।
इसमें कई वाहन जब्त किए गए हैं तो कई लावारिस बरामद हुए है। कुछ दुर्घटनाग्रस्त वाहन भी थानों में खडे़ हैं तो आरटीओ द्वारा जब्त करके पुलिस को सौंपे भी कई वाहन भी इसमें शामिल हैं।
ऐसे वाहन थाना परिसर में आम लोगों और फरियादियों के वाहनों की जगह घेरते हैं। लोगों को अपने वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ते हैं, इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
एसएसपी ने इस समस्या को दूर करने के लिए एएसपी ट्रैफिक पुर्णेंदु सिंह को जिम्मेदारी सौंपी थी।
उन्होंने पीजीआई स्थित यातायात पुलिस लाइन का निरीक्षण कर सभी थानों पर खड़े चार पहिया छोटे व बड़े वाहनों को वहां भेजने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि थानों में जगह खाली होने से वहां साफ-सफाई रहेगी। लोगों की असुविधा भी दूर होगी।
एएसपी ट्रैफिक ने बताया कि यातायात पुलिस लाइन में राजधानी के पांच सर्किल के लिए अलग-अलग स्थान सुनिश्चित किए गए हैं।
एएसपी उत्तरी, एएसपी पूर्वी, एएसपी पश्चिम, एएसपी ट्रांसगोमती और एएसपी ग्रामीण के सर्किल के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थान होगा।
इन स्थानों को डेलीनेटर व मार्क लगाकर पृथक किया गया है। वाहनों की देखरेख के लिए पुलस लाइन से एक सशस्त्र गार्ड की ड्यूटी भी लगाई गई है।