रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली ट्रेनों की रफ्तार काफी प्रभावित है। कोहरे का असर ज्यादा होने से लेटलतीफी बढ़ रही है। प्रयागराज से गुजरने वाली गाड़ियां रेल लाइनों पर चल रहे काम की वजह से भी प्रभावित हो रही हैं। बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस पौने पांच घंटे विलंब से आई। शाम को प्रयागराज से चंडीगढ़ लौटने वाली यही ट्रेन काफी विलंब से चलाई गई।
हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल और प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस एक घंटे, जम्मू तवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस पौन घंटे और सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस, देहरादून-बनारस जनता मेल व अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल आधे घंटे विलंब से आई। बृहस्पतिवार को बनारस-देहरादून जनता मेल व शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस और बुधवार रात नईदिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त रहने के कारण नहीं आई। बुधवार रात प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर सवा दो घंटे, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस एक घंटे, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस व बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस पौन घंटे देर से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि कोहरे की वजह से ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं।