अमेठी में महाकुंभ के लिए घर-घर मांग रहे बर्तन संघ के कार्यकर्ता। -संवाद
अमेठी। प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ में इस बार करीब दो माह तक भंडारे का आयोजन होगा। इससे मेला परिसर में पत्तलों से जगह-जगह कूड़े के ढेर के साथ गंदगी होगी। समस्या को ध्यान में रखकर संघ कार्यकर्ताओं ने एक अभियान जारी किया है, जिसमें वे एक थाली, एक थैला घर-घर मांग रहे हैं। कुंभ में आने वाले लोगों को कपड़े का झोला बांटा जाएगा व भंडारे में थालियों का वितरण किया जाएगा।
तहसील क्षेत्र के भौसिंहपुर गांव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड कार्यवाहक विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि इस बार महाकुंभ को प्लास्टिक मुक्त व हरित कुंभ बनाने का प्रयास किया जाएगा। गांव के शिवा सिंह ने सात थाली व झोला संघ के लोगों को दिया। कहा कि यह अच्छी पहल है। इससे जहां हम कुंभ के साथ जुड़ रहे हैं, वहीं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम है।(संवाद)