रायबरेली। ऊंचाहार में बहु प्रतीक्षित बस स्टैंड का निर्माण कराने की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्य सचेतक व ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने विधानसभा में मामले को उठाया। ऊंचाहार में तीन स्थानों पर निशुल्क भूमि उपलब्ध होने की जानकारी भी सरकार को दी।
पूर्व मंत्री डॉ. पांडेय ने सरकार को बताया कि लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर ऊंचाहार स्थित है। ऊंचाहार से होकर प्रयागराज, भदोही, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, लखनऊ डिपो की 100 से अधिक बसे चलती हैं। ऊंचाहार में एनटीपीसी जैसी बड़ी परियोजना स्थित है। हजारों की संख्या में यात्री प्रतिदिन बसों से सफर करते हैं। बस स्टैंड न होने के कारण यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत ऊंचाहार से सटे पट्टी रहस कैथवल, खोजनपुर, सवैया हसन में भूमि उपलब्ध है। सरकार की ओर से संसदीय कार्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि निशुल्क भूमि खोजकर शीघ्र ही बस स्टैंड का निर्माण कराने काम शुरू कराया जाएगा।