लखनऊ। तालकटोरा के सरीपुरा निवासी आशीष मिश्रा (28) ने लोन की किस्तें न भर पाने से परेशान होकर एसिड पीकर जान दे दी। वह फ्लावर पॉट व गिफ्ट आइटम सप्लाई करते थे।
उनके पिता शिवशंकर मिश्रा ने बताया कि आशीष ने चार साल पहले एक एप से लोन लिया था। काम में दिक्कत के कारण वह किस्तें अदा नहीं कर पा रहे थे। लोन कंपनी के कर्मचारी रुपये मांग रहे थे, जिससे आशीष अवसाद में आ गए। शनिवार रात उन्होंने बाथरूम में रखा एसिड पी लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी रूपा और एक बेटा जयेश हैं। पिता ने मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर जांच की मांग की। हालांकि वह यह नहीं बता सके कि आशीष ने कितना लोन लिया था। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।