डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में छात्रों ने बृहस्पतिवार दोपहर को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर यूजीसी के नए नियमों के प्रति अपनी चिंता जाहिर की। छात्र प्रतिनिधि चंद्र प्रकाश मद्धेशिया, प्रभंजन पाठक और आशुतोष सिंह ने अपर कुलानुशासक डॉ. पुष्पेंद्र मिश्रा, सहायक कुलानुशासक डॉ. प्रवीण मिश्रा एवं डॉ. देवेश कटियार को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा।
सवर्ण आर्मी कार्यकर्ताओं ने किया कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर यूजीसी के नए नियमों को स्थगित करने की मांग की। प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार तिवारी दादू, सत्यदेव दूबे, राधेश्याम तिवारी, आलोक मिश्र, आचार्य पंडित अंजनी मिश्र, अवनीश कुमार पांडेय प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
ब्राह्मण परिवार कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़प
यूजीसी के नए नियमों के विरोध में बृहस्पतिवार को ब्राह्मण परिवार के सदस्यों ने भाजपा मुख्यालय तक मार्च किया। पुलिस ने इन्हें रोकने का प्रयास किया दोनों पक्षों में जमकर झड़प हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना देते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए। धरना स्थल पर आयोजित सभा में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु पांडेय, प्रवक्ता अभिषेक अग्निहोत्री, प्रदेश अध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा ने कहा कि यूजीसी के नए नियम समाज को बांटने वाले हैं। यदि इसे वापस नहीं लिया गया तो ब्राह्मण परिवार दिल्ली कूच करेगा।