लखनऊ विश्वविद्यालय इस साल भी स्नातक में अपने कॉलेजों के लिए केंद्रीकृत प्रवेश की व्यवस्था प्रभावी बना रहा है। इसके लिए विश्वविद्यालय ने लखनऊ के साथ ही इसी साल जुड़े हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर व रायबरेली जिले के कॉलेजों को भी आवेदन का विकल्प दिया है। इसके तहत आवेदन करने वाले विद्यार्थी लखनऊ विश्वविद्यालय के अलावा केंद्रीकृत प्रवेश से जुड़े कॉलेजों में भी प्रवेश का विकल्प भर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अलग से फॉर्म नहीं भरना होगा।
रजिस्ट्रार डॉ. विनोद कुमार सिंह की सूचना के मुताबिक सहयुक्त महाविद्यालय निर्धारित सहभागिता शुल्क प्रोफेशनल पाठ्यक्रम के लिए प्रति पाठ्यक्रम एक लाख रुपये, सामान्य पाठ्यक्रम के लिए प्रति पाठ्यक्रम 50 हजार रुपये देंगे। इसके अतिरिक्त 18 फीसदी जीएसटी भी देना होगा।
इसके लिए निर्धारित प्रारूप पर आवेदन 31 मार्च तक ई-मेल करना होगा। यूजी सामान्य व प्रोफेशनल और पीजी सामान्य व प्रोफेशनल कोर्सों की सूची भी जारी की गई है। इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। पिछले साल शुरू की गई इस व्यवस्था में लगभग 70 कॉलेजों ने सहभागिता की थी। इस बार चार अन्य जिलों के 332 कॉलेज विश्वविद्यालय से संबद्ध हुए हैं, इसलिए इस बार कॉलेजों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।