बहराइच। हुजूरपुर रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, देहात कोतवाली क्षेत्र में सड़क पर खड़ी किशोरी से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। अन्य हादसों में दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हुजूरपुर के गुरुदत्तपुर गांव निवासी राजन सिंह शुक्रवार देर शाम बहराइच से घर लौट रहे थे। रानीपुर थाना क्षेत्र के भानपुर के निकट तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे राजन की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष श्यामदेव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पकड़ ली गई है। वहीं, हरदी थाना के दहाव गांव निवासी रीतेश (17) बाइक से कहीं गया था। तभी देहात कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर जोहालनपुरवा के पास पैदल जा रही नूरजहां (14) से बाइक टकरा गई। इससे रीतेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नूरजहां घायल हो गई।
उधर, गोंडा के कौड़िया थाना के ग्राम कोचवा निवासी दिनेश व उनकी पत्नी माया बाइक से विशेश्वरगंज रिश्तेदारी में आए थे। देर शाम लौटते समय गोंडा-बहराइच राजमार्ग पर कटोरवा मोड़ के निकट छुट्टा पशु से टकराकर दोनों लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी विशेश्वरगंज में भर्ती कराया। जहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। वहीं, पचपकरी रुपईडीहा निवासी रामजी को शनिवार सुबह एक टैंकर ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी चरदा में भर्ती कराया गया है।