लखनऊ। तकरोही निवासी ओमप्रकाश ने दो लोगों के खिलाफ उनके भाई पर जानलेवा हमले की एफआईआर दर्ज कराई है। ओमप्रकाश के मुताबिक 17 सितंबर की रात करीब नौ बजे उनके भाई सर्वेश राजपूत अपने दोस्त उपेंद्र व सचिन के साथ अंबेडकर चौराहे से घर की तरफ जा रहे थे। आरोप है कि पैसे के पुराने लेनदेन के विवाद में पहले से ही घात लगाकर बैठे राहुल शर्मा व रोहित वर्मा ने उन पर हमला कर दिया।
एफआईआर के मुताबिक जैसे ही सर्वेश गाड़ी से बाहर निकले आरोपियों ने उनपर हमला कर दिया गया। हमले में सर्वेश और उपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। भीड़ जमा होने पर आरोपी धमकी देकर भाग निकले। दोनों घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।