विकासखंड माल की अहिंडर पंचायत स्थित गोशाला में तेज बारिश के बाद बीते शुक्रवार को गोवंशीय पशुओं की मौत व कई के बीमार होने के मामले में डीएम अभिषेक प्रकाश ने लेखपाल व पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया है। यही नहीं प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी व बीडीओ का वेतन रोककर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिलाधिकारी ने यह कार्रवाई मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अश्विनी पांडेय की जांच रिपोर्ट पर की है। यही नहीं उन्होंने चेतावनी दी है कि कहीं भी गो आश्रय केंद्र में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अहिंडर पंचायत स्थित उक्त गोशाला में आठ गोवंशीय पशुओं की मौत हो गई थी। वहीं करीब 22 बीमार मिले थे। ग्रामीणों ने मृत गोवंश की संख्या और अधिक होने की बात कही थी। इसी पर डीएम ने अधिकारियों को मौके पर भेजने के साथ ही सीडीओ को जांच सौंपी थी। सीडीओ की रिपोर्ट पर ही पंचायत सचिव ओमवीर सिंह, लेखपाल मुन्नू लाल को निलंबित करके प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी विकास कनौजिया व बीडीओ रविंद्र कुमार का वेतन रोका गया है। ग्रामीणों ने भी पंचायत के अधिकारियों पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया था।