लखनऊ। हुसैनगंज में सौभाग्य इन होटल के पास सोमवार रात हुए मामूली विवाद में कुछ लोगों ने दो सिपाहियों पर हमला बोल दिया। लोहे की रॉड से वार कर एक सिपाही का पैर तोड़ दिया। उसे गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
चिनहट थाने में तैनात सिपाही डालीगंज निवासी अमरदीप के मुताबिक सोमवार रात करीब दो बजे वह पुलिस लाइन में तैनात दोस्त रजनीश कुमार के साथ बाइक से आलमबाग जा रहे थे। हुसैनगंज में होटल सौभाग्या इन के पास से गुजरते समय कट से तेज रफ्तार में बाइकसवार गुजरा। इससे अमरदीप की बाइक अनियंत्रित हो गई।
अमरदीप ने उससे कहा- तुमको बाइक चलाना नहीं आता है क्या... देखकर चलाया करो। इस पर बाइक सवार गाली-गलौज करने लगा। इसका विरोध करने पर उसने दोनों पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद भागकर होटल के भीतर से रॉड लेकर आया और दोनों पर हमला बोल दिया।
इसी बीच आरोपी के परिचित 15-20 लोग होटल से निकले और ईंट बरसाने लगे। लोहे की रॉड से हमले में रजनीश का पैर टूट गया। उसे घायल देख हमलावर भाग निकले। जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी।
अमरदीप किसी तरह रजनीश को अस्पताल लेकर गए। इसके बाद वह हुसैनगंज थाने पहुंचे और केस दर्ज कराया। एसीपी विकास जायसवाल का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।