गिलौला बस स्टैंड के निकट जला ट्रांसफार्मर।
गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला बस स्टैंड के निकट लगा ट्रांसफार्मर मंगलवार रात अचानक धू धू कर जल उठा। इस दौरान उठी चिंगारी से समीप स्थित दो दुकानों में भी आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
गिलौला स्थित परिवहन निगम डिपो के बस स्टैंड के पास ही 400 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। ट्रांसफार्मर में मंगलवार देर रात अचानक आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारी ने समीप स्थित कल्लू नाई व राहुल सिंह के मोबाइल की दुकान को भी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से दुकानों पर रखा समान जल गया। राहत की बात यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।