श्रावस्ती। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई मार्ग दुर्घटना में किशोरी सहित तीन लोग घायल हो गए। जिनका इलाज संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में चल रहा है। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिवराजपुर निवासी आराधना शर्मा (14) बुधवार को साइकिल से स्कूल आ रही थी। तभी तिलकपुर भंगहा मार्ग स्थित भंगहा मोड़ की ओर से आ रहे बाइक सवार ने बनघुसरा मोड़ पर उसे टक्कर मार दी। इससे गंभीर तौर पर घायल हुई किशोरी को इलाज के लिए संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं एक अन्य घटना में सिरसिया थाना क्षेत्र में हुई। ग्राम सर्रा बोझी के मजरा परसा निवासी कल्लू मौर्य (45) बाइक से सिरसिया बाजार आया था। घर लौटते समय गांव के निकट कल्लू का बाइक से नियंत्रण हट गया। इससे वह बाइक सहित मार्ग पर गिरकर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे एंबुलेंस से सिरसिया सीएचसी पहुंचाया। जहां हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। वहीं जमुनहा निवासी बाइक सवार निब्बर अली भी मार्ग पर गिरकर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया गया।