लखनऊ। गुडंबा और इंदिरानगर में प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी और एक अन्य ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुडंबा के जानकीपुरम सेक्टर एच निवासी रवि अवस्थी (28) के पिता ने बताया कि बेटा हजरतगंज स्थित निजी कंपनी में काम करता था। 12 अगस्त को रवि सड़क हादसे में घायल होने के बाद से वह डिप्रेशन में था। रविवार देर रात 11 बजे बेटा घर से बिना बताए कहीं चला गया था। सोमवार सुबह घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित पंचवटी पार्क में लोगों ने नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे रवि का शव लटकता देख उन्हे जानकारी दी। इंस्पेक्टर गुडंबा ने बताया कि इस मामले में घरवालों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
उधर, इंदिरानगर के पानी गांव निवासी संतोष (45) निजी सफाई कर्मचारी थे। बेटे सत्यम ने बताया कि पिता ने रविवार शाम करीब चार बजे कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से लटक कर जान दे दी। संतोष के परिवार में उनकी पत्नी संतोषी, एक बेटा और एक बेटी है। इंस्पेक्टर इंदिरानगर ने बताया कि संतोष के खुदकुशी करने का कारण पता नहीं चल सका है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।