बाराबंकी व सीतापुर में जहरीली शराब कांड में पुलिस ने मुठभेड़ में ईनामी शानू कुरैशी सहित दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शानू कुरैशी 25 हजार का ईनामी है। मुठभेड़ में उसके दायें पैर में गोली लगी है। मामले में एक अन्य आरोपी विपिन अवस्थी को गिरफ्तार किया गया है।
गौरतलब है कि जहरीली शराब कांड में अब तक 26 मौतें हो चुकी हैं और 10 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दरअसल, पुलिस द्वारा चलाए जा रहे एक चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी शानू कुरैशी अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर कोतवाली क्षेत्र के गदिया गांव जा रहा था। पुलिस ने जब उसे रोकना चाहा तो दोनों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
जिसके बाद जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली शानू कुरेशी के पैर में लगी और वह गिर गया। पुलिस ने शानू कुरैशी व उसके साथ में जा रहे विपिन अवस्थी को गिरफ्तार कर लिया। वह जहरीली शराबकांड के आरोपियों को थिनर समेत दूसरे केमिकल सप्लाई करने का काम करता था।