एडीसीपी नॉर्थ ऋषभ रूढ़वाल ने बताया कि आरोपी गाजीपुर के शक्तिनगर का निवासी छात्र खालिद अहमद, मूलरूप से गोंडा में कौड़िया उडिला का निवासी सेल्समैन देवकरण सिंह, आजमगढ़ के गंभीरपुर का रहने वाला कैटरिंग कर्मचारी आकाश पांडेय और सर्वोदयनगर निवासी बढ़ई सुभाष रावत है। 17 वर्षीय आरोपी किशोर मीशो में काम करता है। देवकरण पर सामूहिक दुष्कर्म का भी मामला दर्ज है।
एडीसीपी के मुताबिक 15 मार्च को पीड़ित ने अलीगंज थाने में पांच लोगों पर डकैती, वसूली व पिटाई का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीमें, सर्विलांस टीम और स्वाट लगी थी। सोमवार सुबह पांच बजे पांचों आरोपियों के अलीगंज सेक्टर-ई में होने की सूचना मिली थी। दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया गया।
नाबालिग को भेजकर बनाते थे शिकार
एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्र के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पीड़ित से ग्राइंडर एप के जरिये संपर्क किया था। फिर साजिश के तहत मिलने के लिए नाबालिग साथी को पीड़ित के घर भेजा था। वे सब घर के पास ही थे। कुछ समय बाद साथी ने उन्हें काॅल कर घर के भीतर बुला लिया। फिर पीड़ित के कपड़े उतरवा कर उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। उन्हें बुरी तरह से पीटा था। नाबालिग से कुकर्म का प्रयास करने के झूठे मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की धमकी दी और ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करा ली थी। घर में रखे मोबाइल फोन और कीमती सामान लूटकर भाग निकले थे।
एक और युवक से की थी लूट
आरोपियों ने बताया कि इसी तरह उन्होंने दो हफ्ते पहले भी एक युवक का वीडियो बनाकर उससे नकदी और हार्ड डिस्क लूट ली थी। एसीपी ने बताया कि आरोपियों का गिरोह काफी बड़ा है। इनके अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
गिरोह के चार बदमाशों ने दो दोस्तों से भी की थी लूटपाट
गिरोह के चार और बदमाशों ने दो दोस्तों को ग्राइंडर एप के जरिये फंसाकर वारदात की थी। अलीगंज निवासी पीड़ित ने रविवार को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, एक माह पहले एप पर उनकी मयंक कश्यप से दोस्ती हुई थी। 14 फरवरी को मयंक ने उन्हें अलीगंज स्थित घर बुलाया। वहां मयंक और उसके तीन साथियों आदित्य, विजय, एक अज्ञात ने उसे पीटा। आरोपियों ने उनका अश्लील वीडियो बनाया और 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। रकम न मिलने पर उन्होंने पीड़ित की चेन लूट ली और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। 20 दिन बाद पीड़ित ने अपने दोस्त को बताया। पता चला कि उसी गिरोह ने उसके दोस्त से भी 15 हजार रुपये लूटे थे। इंस्पेक्टर अशोक सोनकर के अनुसार, पुलिस गिरोह की तलाश कर रही है।