इटौंजा में हुए हादसे में डीसीएम के नीचे फंसी बाइक।
बख्शी का तालाब। इटौंजा में बाइक सवार अजय कुमार गौतम डीसीएम में फंसकर डेढ़ सौ मीटर तक बाइक के साथ घिसटते चले गए। उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनके सिर में चोट नहीं आई। हाथ और पैर में चोटें आई हैं। राहगीरों ने डीसीएम रोककर फंसे अजय कुमार को बाहर निकाला और सीएचसी इटौंजा में भर्ती करवाया। साथ ही चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बरगदी कला गांव निवासी प्रधान ने बताया कि अजय कुमार गौतम (36) सब्जी बेचते हैं। सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे वह मानपुर मंडी से सब्जी खरीदकर बाइक से इटौंजा लौट रहे थे। सीतापुर हाईवे पर इटौंजा फ्लाईओवर से डेढ़ सौ मीटर पहले पीछे से आ रही डीसीएम बाइक सवार से टकरा गई। इसके बाद वह गिरकर बाइक के साथ डीसीएम के नीचे बुरी तरह फंस गए और घिसटते चले गए। घटना के दौरान डीसीएम चालक नींद में था। इटौंजा फ्लाईओवर से पहले राहगीरों ने उसे रोक लिया। डीसीएम रुकते ही भीड़ ने आगे से बाइक सवार को निकालकर सीएचसी इटौंजा पहुंचाया। वहां से परिजन उन्हें निजी हॉस्पिटल लेकर चले गए। राहगीरों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक इटौंजा मार्कंडेय यादव ने बताया कि शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।