किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के शताब्दी-2 भवन में मरीज और उनके तीमारदारों को सस्ती दर की दवा की दुकानों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं होगा। भवन में हॉस्पिटल रिवॉल्विंग फंड (एचआरएफ) के दो नए काउंटर खुलेंगे। भवन के भूतल पर पहले से ही एचआरएफ का एक काउंटर चल रहा है।
पीजीआई की तर्ज पर केजीएमयू में वर्ष 2016 में एचआरएफ के माध्यम से सस्ती दवाओं की दुकान खोलने की शुरुआत हुई थी। इनके काउंटर पर बाजार के मुकाबले दवाएं बेहद सस्ते दामों पर मिल जाती हैं। केजीएमयू प्रशासन कई दवाओं में 70 फीसदी तक छूट देने का दावा करता है, हालांकि दवाओं के सीमित काउंटर और सभी दवाएं न मिल पाने की वजह से मरीजों को इनका लाभ आशा के अनुरूप नहीं मिल पा रहा है। केजीएमयू प्रशासन इनकी संख्या बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। बीते दिनों नेत्र रोग विभाग में एचआरएफ का नया काउंटर खोला गया था। अब शताब्दी-2 भवन के दूसरे और पांचवे तल पर दो नए काउंटर खोले जाएंगे। इससे दवाओं की उपलब्धता में सुधार होगा। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है।