गोंडा के करनैलगंज के पूरे मुहम्मदपुर गांव में चार दिन पहले पुरानी रंजिश को लेकर सास-बूह ने घर के बाहर खेल रही पांच साल की मासूम बच्ची को उठा लिया। दोनों ने मासूम को पुआल के ढेर में डालकर उसमें आग लगा दी।
बच्ची की चीख सुनकर गांव के लोग दौड़े और उसे पुआल से बाहर निकाला गया। मगर तब तक मासूम बच्ची गंभीररूप से झुलस चुकी थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कोतवाली नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। मामले में मासूम बच्ची की मां ने थाना कटरा बाजार में अपने ही गांव की रहने वाली सास-बहू के खिलाफ तहरीर दी। मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मासूम बच्ची की मां ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई है।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र के कौड़हा जगदीशपुर गांव के मजरे पूरे मुहम्मदपुर की रहने वाली जनकलली पत्नी बाबूलाल ने बताया कि उसके गांव की रहने वाली सास-बहू से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। दोनों ने उसे नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी थी। वारदात के बाद जनककली के बेटे मुंशीलाल ने बताया कि तीन दिन पहले कटरा बाजार पुलिस को तहरीर दी गई थी, मगर पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है।