प्राग नारायण रोड स्थित राजकीय बालगृह शिशु से मंगलवार सुबह 9 बजे दो बच्चे भाग गए। पर बच्चों की तलाश आसपास ही की जाती रही। सुबह 11 बजे हजरगंज पुलिस और जीआरपी को इसकी सूचना दी गई।
देर रात तक बच्चों का कोई पता नहीं चल सका। बालगृह के अधीक्षक हरीश श्रीवास्तव का कहना है कि बच्चे किचन की छत पर चढ़कर समाज कल्याण परिसर में कूदे और भाग निकले।
मंगलवार को बालगृह शिशु में एक बच्चे का बर्थडे मनाने की तैयारी चल रही थी। सभी सुबह का नाश्ता कर रहे थे कि इस बीच बच्चों ने बालगृह अधीक्षक हरीश श्रीवास्तव को इसकी जानकारी दी।
बालगृह अधीक्षक ने सब बच्चों को लाइन में खड़ाकर गिनती करवाई तो दो बच्चे नहीं मिले। इस सबमें दो घंटे बीत गए। अधीक्षक का कहना है कि इसकी सूचना पुलिस के साथ सभी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
साथ ही चारबाग में जीआरपी को भी अलर्ट कर दिया गया है, लेकिन बच्चों का देर रात तक कोई पता नहीं चला है। उम्मीद है कि बच्चे लखनऊ में ही हैं और जल्द ही उन्हें तलाश लिया जाएगा।