प्रदेश के ग्रामीण इलाकों को बुधवार से दो घंटे ज्यादा बिजली आपूर्ति की
जाएगी। गांवों की आपूर्ति का नया शिड्यूल तैयार कर लिया गया है।
मंगलवार को इसे सभी क्षेत्रीय लोड डिस्पैच सेंटरों (एसएलडीसी) को भेज दिया जाएगा और 25/26 की रात से नया शिड्यूल प्रभावी हो जाएगा।
अगले महीने आपूर्ति में दो घंटे और इजाफा होने की संभावना है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सरकार ने गांवों और किसानों को भरपूर बिजली देने की तैयारी की है।
इसके लिए 1000 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का इंतजाम किया गया है। पावर कॉर्पोरेशन ने यह सारी कवायद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर की है।
रबी की बुआई के लिए हाल ही में किसानों को पांच घंटे दिन तथा पांच घंटे रात में बिजली आपूर्ति का शिड्यूल लागू किया गया है।
नए शिड्यूल के अनुसार अब गांवों को दिन में पांच घंटे तथा रात में सात घंटे आपूर्ति की जाएगी। प्रदेश के चारों नियंत्रण कक्ष सारनाथ, पनकी, मुरादाबाद एवं मोदीपुरम को दो भागों में बांटकर बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की गई है।
इन नियंत्रण कक्षों के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण इलाकों को दिन में बारी-बारी से 11 बजे से 6.30 बजे के बीच पांच-पांच घंटे आपूर्ति की जाएगी।
इसी तरह रात में 11 से सुबह छह बजे तक आपूर्ति का शिड्यूल बनाया गया है। पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक ए.पी. मिश्रा का कहना है कि गांवों को 12 घंटे आपूर्ति के लिए नया शिड्यूल तैयार हो गया है। यह 25/26 दिसंबर की रात से प्रभावी होगा।