रायबरेली। ठंड बढ़ने के साथ हृदय और सांस की समस्या के मरीज बढ़ गए हैं। जिला अस्पताल में सीने में दर्द और सांस की समस्या के दो मरीजों ने दम तोड़ दिया। बुखार, डायरिया, सांस व हॉर्ट की समस्या के 24 रोगी भर्ती कराए गए। उधर, ओपीडी में भी मरीजों की कतार लगी रही।
सीने में दर्द होने पर बीती तीन जनवरी को हरचंदपुर क्षेत्र के मवइया निवासी प्रेमा देवी (65) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह महिला की मौत हो गई। सांस की समस्या पर गंभीर हालत में भर्ती कटरा बाराबंकी निवासी हमीजुल (70) की भी मौत हो गई। बुखार व डायरिया के चपेट में आने के बाद कमलेश कुमारी (60), श्रीराम (63), अमरनाथ (45), विजय सिंह (64), शिवशंकर (45), हैदर (5), गनेशी (73), नीलम (30), मयंक (6), मीरा (51), सुल्तान (34) समेत 24 से अधिक मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया है।
उधर, ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ गई। दिनभर मरीजों की कतार लगी रही। खासकर हृदय रोग विभाग में सीने में दर्द से संबंधित मरीज चिकित्सीय सलाह लेने के लिए पहुंचे। डॉ. सलीम ने करीब 200 रोगियों को चिकित्सीय सलाह दी। 50 से अधिक मरीजों की ईसीजी जांच भी कराई गई। इसमें कई मरीजों को भर्ती होने की सलाह दी। मेडिसिन विभाग में डॉ. गौरव त्रिवेदी व अन्य चिकित्सकों ने करीब 500 मरीजों को चिकित्सीय सलाह दी। मेडिसिन विभाग में जुकाम बुखार के ज्यादा मरीज पहुंचे।
सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल का कहना है कि ठंड के कारण हृदय और सांस की समस्या के ज्यादा मरीज आ रहे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग एहतियात बरतें।