लखनऊ के पीजीआई इलाके में लेब्राडॉर प्रजाति के काले रंग के कुत्ते ‘ताशू’ को लेकर दो परिवारों का महीनों से चल रहा टकराव अंतत: थाने पहुंच गया। यहां रहने वाले बुजुर्ग ने कुत्ता अपने परिचित को दिया था। परिचित ने उसे दिल्ली निवासी दामाद को सौंप दिया। अब बुजुर्ग की बेटी रश्मि शर्मा अपना कुत्ता वापस मांग रही है। इनकार करने पर उसने बुजुर्ग व उसके दामाद के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी तक दर्ज करा दी।
प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नाथ राय ने बताया कि कुत्ता ‘ताशू’ रायबरेली रोड पर एल्डिको उद्यान द्वितीय स्थित अराधना निवासी रश्मि शर्मा के पिता पीसी त्रिपाठी का है। उनकी किडनी खराब हैं इसलिए वह कुत्ता नहीं रख सकते थे। करीब छह साल पहले उन्होंने कुत्ता अपने परिचित एल्डिको उद्यान द्वितीय स्थित अभिलाषा निवासी व बीमा कंपनी के रिटायर्ड अधिकारी अनूप श्रीवास्तव को दे दिया था।
अनूप ने ‘ताशू’ को पाला-पोसा। कुछ महीने पहले ही उन्होंने कुत्ता दिल्ली निवासी दामाद विवेक को दे दिया। इस बीच रश्मि के कुत्ता वापस मांगने पर दोनों परिवारों के बीच माहौल गरमा गया। रश्मि का कहना है कि उसकी ससुराल गुड़गांव में है, इसलिए वह कुत्ता अपने साथ नही ले जा सकती थी।
घर पर कुत्ते को इसलिए नहीं रखा क्योंकि पिता को किडनी की बीमारी है और उसकी वजह से संक्रमण हो सकता था। यही वजह थी उसने कुत्ते को पिता के परिचित अनूप श्रीवास्तव को दे दिया था। बकौल रश्मि, कुत्ता लेते वक्त अनूप श्रीवास्तव ने कहा था कि जब भी वह चाहे उसे अपने साथ ले जा सकती हैं।