लखनऊ में अलीगंज निवासी एक सिपाही ने शुक्रवार को अपनी पत्नी के इशारे पर बुजुर्ग माता-पिता की पिटाई की। मां के कान से सोने का टॉप्स छीन लिया और उन्हें घर से खदेड़ने लगा। पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई तो महिला आरक्षी से अभद्रता करके भाग निकला। संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके पुलिस ने चार घंटे में उसे ढूंढ निकाला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी सिपाही को निलंबित किया है।
प्रभारी निरीक्षक अजय यादव ने बताया कि पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी जयप्रकाश सिंह त्रिवेणीनगर के आलोकनगर में परिवार के साथ रहता है। उसकी वजीरगंज इलाके में कानून व्यवस्था में ड्यूटी थी। जयप्रकाश ने अपनी पत्नी गीता सिंह के इशारे पर बुजुर्ग माता-पिता से झगड़ना शुरू किया। आरोप है कि उनकी पिटाई की। बुजुर्ग मां के कान से सोने का छीन लिया। इस दौरान पिता बाबूराम ने पुलिस कंट्रोल रूम फोन करके बेटे व बहू द्वारा पिटाई व लूट की सूचना दी।
पीआरवी की टीम सुबह आठ बजे उनके घर पहुंची। माता-पिता से झगड़ा कर रहे जयप्रकाश को पकड़कर थाने लाया गया। बुजुर्ग बाबूराम प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर लिख रहे थे। इस बीच जयप्रकाश ने थाने में मौजूद महिला आरक्षी से गालीगलौज के साथ अभद्रता की और भाग निकला।