दोस्त को बस पकड़वाने की जल्दी और तेज रफ्तार के चलते बीबीडी के दो इंजीनियरिंग छात्र प्रशांत सिंह व राहुल सिंह की जान सोमवार देर रात सड़क हादसे में चली गई थी। वहीं तीसरा छात्र अविनाश जिंदगी की लड़ाई अस्पताल में लड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो स्कूटी पर सवार तीनों छात्रों ने हेलमेट नहीं पहना था और स्कूटी की रफ्तार काफी तेज थी।
आजमगढ़ के अवनीश कुमार, मिर्जापुर के पटिहरा का राहुल सिंह (22) और वाराणसी के कैंट थानाक्षेत्र के फिकरौल निवासी प्रशांत सिंह (22) बीबीडी इंजीनियरिंग कॉलेज में तृतीय वर्ष के छात्र हैं। सोमवार देर रात को अवनीश कुमार के दादा की मौत की सूचना मिली। अवनीश ने इसकी जानकारी राहुल और प्रशांत को दी और पॉलीटेक्निक चौराहे पर बस पकड़वाने के लिए कहा। तीनों एक ही स्कूटी पर सवार होकर पॉलीटेक्निक चौराहे की तरफ चल दिए।
इंस्पेक्टर चिनहट राजकुमार सिंह ने बताया कि मटियारी चौराहे के पास एसयूवी गाड़ी के शोरूम के सामने हाईवे पर एक ट्रक खड़ी थी। जल्दबाजी में स्कूटी खड़ी ट्रक में घुस गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तीनों घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां राहुल और प्रशांत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अवनीश को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। राहुल के चाचा सुरेश सिंह ने चिनहट कोतवाली में ट्रक चालक की लापरवाही बताते हुए तहरीर दी है। केस दर्ज कर लिया गया है।