बाराबंकी। रेलवे फाटक पार करते समय बाइक सवार दो लोगों की बाइक रेल लाइन में फंस गई। फंसी बाइक निकालने के दौरान आई अवध एक्सप्रेस से कटकर दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद करीब 30 मिनट तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली की मोहम्मदपुर चौकी पुलिस ने क्षत-विक्षत दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हादसा शनिवार की रात करीब 10:30 बजे सफेदाबाद रेलवे स्टेशन के फाटक संख्या 180 पर हुआ। बाइक सवार दो लोग रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन आता देख वह हड़बड़ाये और उनकी बाइक रेलवे लाइन में फंस गई। दोनों उसे निकालने लगे, इसी दौरान अवध एक्सप्रेस की चपेट में आकर दोनों के टुकड़े हो गए।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली के मोहम्मदपुर चौकी इंचार्ज अंकित त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फंसी बाइक को बाहर निकलवाया। जिसके बाद लगभग आधे घंटे बाद ही रेल यातायात बहाल हो सका। प्रभारी निरीक्षक सुरेश पांडे ने बताया कि दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान देवा की ग्राम पंचायत कोड़वा निवासी इंदल (30 वर्ष) और गुड्डू के रूप में हुई है। दोनों ही टाइल्स मिस्त्री थे, जो टाइल्स लगाने का काम करते थे।