रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक सवार भाई-बहन को रौंद दिया, और साइकिल सवार पिता-पुत्र को टक्कर मारकर कर घायल कर दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि भाई-बहन की मौत हो गई।
घायलों को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद बवाल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने न सिर्फ लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर जाम लगा दिया, बल्कि यूपी डायल 100 के पुलिस कर्मियों व एंबुलेंस चालक को खदेड़ दिया।
सूचना पर एएसपी के साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। जाम खुलवाने को लेकर पुलिस से तीखी तकरार हुई। बाद में एएसपी ने मदद दिलाने का भरोसा देकर शांत कराया। इसके बाद जाम खुल सका। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसा करने वाले चालक को हिरासत में ले लिया गया।