फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साइकिल सवार को रौंदकर ट्रकों से भिड़ी कार, दो मरे

Fri, 26 Jun 2015 02:55 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
मड़ियांव थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार से जा रही बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र से बसपा विधायक के भाई की कार ने अचानक सामने आए साइकिल सवार को रौंद डाला। बेकाबू कार सड़क पर खड़े ट्रकों से भिड़ी और उसके परखच्चे उड़ गए।
विज्ञापन


कार में सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि गनर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में मारा गया साइकिल सवार भिंडी बेचने मंडी जा रहा था। भीषण हादसे से हाइवे पर जाम लग गया। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को निकालकर ट्रॉमा सेंटर भेजा। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन से हटवाकर यातायात शुरू कराया।

पुलिस के मुताबिक, बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र से बसपा विधायक वीरेंद्र सिंह के भाई महेंद्र पाल सिंह की लग्जरी कार से गनर मोहन स्वरूप, भुता थाने के भगनापुर निवासी खानसामा अखिलेश पाठक (21), अल्मोड़ा निवासी मानवेंद्र त्रिपाठी उर्फ गुड्डू, गोविंद, चालक महेंद्र पाल कनौजिया के साथ बुधवार रात 3 बजे बरेली के बारहदरी थाने के पवन विहार कॉलोनी से लखनऊ के लिए रवाना हुए।
विज्ञापन


कार सुबह 6 बजे मड़ियांव क्षेत्र में सेवा अस्पताल के पास से गुजर रही थी कि एक साइकिल सवार अचानक सामने आ गया। उसे रौंदने के बाद बेकाबू कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में टकराई। ट्रक के एंगल से कार के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद भी कार की रफ्तार नहीं थमी और अगले ट्रक से भिड़ गई।

साइकिल सवार की भी मौके पर हो गई मौत

साइकिल पर भिंडी लादकर मंडी जा रहे साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मॉडर्न पुलिस कंट्रोल रूम व मड़ियांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बुरी तरह ध्वस्त कार में फंसे घायलों को निकालकर ट्रॉमा सेंटर भेजा।

इसके बाद अखिलेश का क्षतविक्षत शव निकाला। हादसे का शिकार बने साइकिल सवार की पहचान बीकेटी के गांव घनौरी निवासी सुनील कुमार (25) के रूप में हुई। विधायक के भाई महेंद्रपाल सिंह ने इत्तिफाकिया हादसे की सूचना दर्ज कराई।

कार में पड़ी रही अंगुली
ट्रकों से जोरदार भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़ने के साथ अखिलेश के अंग कट गए थे। पुलिस ने आननफानन में घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा। कार काटकर अखिलेश का शव निकाला गया। उसकी अंगुली कार में ही पड़ी रह गई। कई घंटे बाद पुलिस की उस पर नजर गई।

ट्रेन से यात्रा कर रहे थे विधायक
महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि उनके भाई वीरेंद्र सिंह बुधवार रात ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। उन्हें स्टेशन छोड़ने के बाद सभी लोग कार से लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया।
विज्ञापन

मौत की खबर से बिलख पड़ा परिवार

विधायक के खानसामा अखिलेश पाठक की मौत की खबर से उसके घर में मातम छा गया। पिता हरीश पाठक व परिवार के कुछ लोगों को लेकर विधायक के रिश्तेदार लखनऊ पहुंचे। परिवार में उसके भाई अमित, गुड्डू, मोनू व बहन मधु है।

इसी तरह सुनील की मौत की खबर पहुंचते ही उसके घर में कोहराम मच गया। पिता गुरुचरन ने बताया कि इकलौता बेटा सुनील सब्जी का व्यापार करके घर चलाता था। परिवार में पत्नी सुमन, मासूम बच्चे हिमांशु, आनंद और गुड़िया हैं।

ढांढस बंधाते रहे विधायक
हादसे का पता चलते ही विधायक वीरेंद्र सिंह ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। घायलों के इलाज का इंतजाम कराने के साथ अखिलेश के परिवारीजनों को ढांढस बंधाते रहे। उनके भाई महेंद्र सिंह ने उनकी पत्नी नीरू पटेल बरेली जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। सभी लोगों ने अखिलेश के परिवार की हरसंभव मदद की बात कही।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें