रायबरेली। कड़ाके की ठंड में हॉर्ट अटैक और सांस की समस्या के मरीजों में इजाफा हो गया है। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए दो मरीजों की मौत हो गई। बुधवार को हॉर्ट अटैक और सांस की समस्या के 11 मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। उधर, ठंड अधिक होने के बाद भी ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों ने बारी आने का इंतजार किया। परचा काउंटर पर सुबह से ही भीड़ रही।
हॉर्ट में समस्या होने के बाद जगतपुर क्षेत्र के केदारगंज निवासी श्यामवती (71) को बीती छह जनवरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पहले तो इलाज के बाद हालत में सुधार आया, लेकिन बुधवार की सुबह अचानक हालत बिगड़ गई। वृद्धा ने दम तोड़ दिया। शहर के मानिका रोड स्थित राजेश कुमार (40) को सांस व अन्य समस्या होने पर गत मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात में इलाज के दौरान राजेश की मौत हो गई।
हॉर्ट के साथ ही सांस की समस्या बढऩे पर बुधवार को विष्णुवती (67), महरानी देवी (70), जगदीश (72), राधे सोनकर (81), भैरव प्रसाद (60), तेज प्रकाश (65), रईश (60), मेवलाल (32), ब्रजवती (60), प्रदीप कुमार (40) आदि मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया। उधर ओपीडी में सुबह से ही भीड़ रही।
मेडिसिन विभाग में डॉ. गौरव त्रिवेदी व अन्य चिकित्सकों ने जुकाम, बुखार, उल्टी-दस्त सहित अन्य समस्या के पांच सौ से अधिक रोगियों को चिकित्सीय सलाह दी। ह्रदय रोग विभाग में डॉ. सलीम ने हॉर्ट और सांस की समस्या के रोगियों का इलाज किया। सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों की जांच और इलाज के पर्याप्त बंदोबस्त हैं। ठंड में लोग एहतियात बरतें।