घटनास्थल पर पहुंचीं मेयर संयुक्ता भाटिया।
- फोटो : amar ujala
सआदतगंज इलाके के गुलाब नगर बस्ती में मंगलवार को सीवर टैंक में सफाई करने उतरे कार्यदायी संस्था के तीन संविदा सफाई कर्मचारी जहरीली गैस की चपेट में आकर फंस गए। एक को तो किसी तरह स्थानीय लोगों ने बाहर निकाल लिया। जबकि दो अन्य को करीब एक घंटे बाद पुलिस की मदद से निकाला गया। तीनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां दो संविदा सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई। जबकि तीसरे का उपचार चल रहा है।
सआदतगंज थाना क्षेत्र के गुलाब नगर में सीवर लाइन की सफाई के लिए मंगलवार पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे जल निगम की कार्यदायी संस्था स्विस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की टीम पहुंची थी। कार्यदायी संस्था के संविदा सफाईकर्मी करन (37), पूरन (27) व कैलाश (28) सीवर टैंक में उतरकर सफाई कर रहे थे। इसी दौरान जहरीली गैस की चपेट में आकर तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। कैलाश ने शोर मचाया तो आसपास के तमाम लोग जुट गए। लोगों ने किसी तरह टैंक में मुहाने के पास पड़े कैलाश को तो खींचकर बाहर निकाल लिया। जबकि पूरन व करन भीतर ही गिरकर बेहोश हो गए।
सूचना पर एसीपी बाजारखाला अनिल कुमार यादव व सआदतगंज इंस्पेक्टर बृजेश कुमार यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और गटर से मजदूरों को निकालने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिस ने किसी तरह दोनों को निकालकर आनन-फानन ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पूरन व करन को मृत घोषित कर दिया। जबकि कैलाश का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
वहीं, हादसे की जानकारी होते ही पुराने शहर के सैकड़ों सफाई कर्मचारी व उनके परिजन ट्रॉमा सेंटर पर उमड़ पड़े। इस पर एहतियात के तौर पर एसीपी चौक आईपी सिंह कई थानों की पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। सफाईकर्मी अपने साथियों का हाल जानने के लिए ट्रॉमा सेंटर के भीतर जाने की मांग पर अड़े थे, जिन्हें एसीपी ने किसी तरह समझाकर रोका। ट्रॉमा सेंटर व पोस्टमार्टम हाउस पर एहतियात के तौर पर पुलिस व आरआएफ जवानों की तैनाती की गई है।