सुल्तानपुर के बरौंसा में जयसिंहपुर तहसील जा रहे ग्रामीणों की जीप ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में युवक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। एसडीएम ने सीओ के साथ घटना स्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सिरवारा गांव के लोग बुधवार सुबह जयसिंहपुर तहसील जाने के लिए निकले थे। एक जीप पर करीब 12 लोग बैठे थे। जीप जयसिंहपुर जा रही थी कि रास्ते में माधवपुर छतौना के पास एक ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में जीप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई।
इनकी हुई मौत व ये हुए घायल
दुर्घटना में जीप सवार शंकर (45) पुत्र रामलाल, शत्रुघ्न (26) पुत्र मुनाऊ निवासी सिरवारा थाना गोसाईगंज की मौके पर ही मौत हो गई।
रामफेर (50) पुत्र हैबत, ज्ञानमती (40) पत्नी मुन्नालाल, ज्ञानमती (35) पत्नी भैयाराम, मोहम्मद जमाल (55) पुत्र सब्बीर , राम अंजोर (65) निवासी सिरवारा थाना गोसाईगंज, किरन (45) पत्नी देवी प्रसाद निवासी बरौंसा (दूबे का पुरवा), जीप चालक संजय (39) पुत्र राम भजन निवासी माधवपुर कोतवाली जयसिंहपुर, उदयराज (50) पुत्र देव नारायण निवासी काछा भिटौरा थाना मोतिगरपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जीप चालक संजय और उदयराज को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।