बाराबंकी अयोध्या हाईवे पर बैसनपुरवा गांव के पास खड़ी बस से शनिवार की सुबह करीब पांच बजे एक बस टकरा गई। इसके बाद उसमें एक निजी बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दो की मौत हो गई जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकलवा कर अस्पताल पहुंचाया और क्रेन से बसों को हटवाया। रोडवेज बस दिल्ली से आजमगढ़ और निजी बस दिल्ली से देवरिया जा रही थी।
रामसनेहीघाट कोतवाली इलाके में अयोध्या हाईवे पर बैसनपुरवा गांव के पास खड़ी बस से एक निजी बस टकरा गई। दोनों बसों की टक्कर बेहद भीषण थी। इस टक्कर से हाईवे किनारे खड़ी स्कूल बस भी खाई में पलट गई। वहीं, रोडवेज और निजी बस डिवाइडर पर पलट गई। बसों के शीशे टूट गए, इसमें बैठे यात्री अस्त व्यस्त हो उठे। कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के कारण बस सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में जुट गए। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। दो की हालत गंभीर बनी हुई है।