पालेसर पर 6 मई की रात सोने गए सलवरिया निवासी अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव पालेसर में कुर्सी पर बैठे मुद्रा में मिला। उनके चेहरे पर चोट के निशान व गले में गमछे का फंदा था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए इकौना पुलिस को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इकौना क्षेत्र के ग्राम सलवरिया निवासी नान्हू (55) पुत्र सत्यराम ने घर के सामने पालेसर व आटा चक्की लगा रखा है। मंगलवार को उनकी पत्नी कहीं गई थी। देर रात उनका पौत्र खाना खाने के लिए घर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। रात में नान्हू पालेसर पर ही सोए थे।
ये भी पढ़े- UP: हमने राफेल पर नींबू-मिर्च नहीं टांगी, दुश्मनों को नींबू-मिर्च लगा दी है... केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना
ये भी पढ़े- UP: मई की गर्मी ने दिखाए तेवर... अगले पांच दिनों में पांच डिग्री चढ़ेगा पारा, ऐसा है मौसम का पूर्वानुमान
बुधवार सुबह पालेसर पहुंचे परिजनों ने देखा कि नान्हू कुर्सी पर बैठे हैं। उनके चेहरे पर चोट का निशान व गले में सफेद गमछे का फंदा और चेहरे पर काफी संख्या में मक्खी बैठी हुई है। पास पहुंचे परिजनों ने देखा कि उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। मामले की सूचना परिवार के लोगों ने इकौना पुलिस को दी। फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बारे में थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दुबे का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। प्रकरण की जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा जाएगा।
यह कैसा संजोग
सलवरिया गांव निवासी मंजू (40) की पांच मई की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनका शव बेड पर बैठी मुद्रा में मिला था, और गले में गमछे का फंदा था। परिवार व पुलिस के अनुसार मृतक मंजू मंदबुद्धि थी, जिसने आत्महत्या की थी। वहीं, बुधवार को इसी गांव निवासी मंजू के पटीदार नान्हू का शव भी कुर्सी पर बैठे मुद्रा में मिला। उनके चेहरे पर चोट का निशान व गले में सफेद गमछे का फंदा लगा हुआ था।
यह दोनों घटनाएं कुछ और ही इशारा कर रही है। हकीकत क्या है यह तो पुलिस की जांच में ही पता चल सकेगा, लेकिन ग्रामीण दबी जुबान घटना के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि 24 घंटे में दो मौत, दोनों शवों की एक ही जैसी स्थित यह कैसा संजोग।