सीतापुर के जहांगीराबाद में एक प्राइवेट स्कूल से परीक्षा देकर घर जा रहे तीन मासूम छात्रों को रेउसा के पल्हरी गांव के निकट गन्ने से भरे ओवरलोड ट्रक ने टक्कर मार दी।
हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर है। घटना के बाद ट्रक चालक व खलासी वाहन छोड़ भाग निकले।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रेउसा थाना क्षेत्र के पल्हरी निवासी शरद राज (6) पुत्र लालता प्रसाद, कोमल (7) पुत्री रामू व दीपांशु उर्फ निशांक (6) पुत्र होशियारीलाल सदरपुर इलाके के जहांगीराबाद स्थित श्रीकुंज बिहारीलाल सरस्वती विद्यामंदिर में पढ़ते थे।
ट्रक चालक व खलासी भागे, इलाज के दौरान हो गई मौत
बताते हैं शरद राज व दीपांशु शिशु ‘अ’ व कोमल शिशु ‘ब’ कक्षा में पढ़ती है। शनिवार को तीनों बच्चे बिसवां से तम्बौर जाने वाली निजी बस से गांव के पास उतर गए थे।
बस से उतरने के बाद बच्चे घर जाने को सड़क पार कर रहे थे, इसी बीच उधर से गुजर रहे ओवरलोड गन्ना भरे ट्रक ने तीनों बच्चों को टक्कर मार दी, जिससे तीनों बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद ट्रक चालक व खलासी भाग निकले। इस बीच बीडीओ रेउसा अजय प्रताप सिंह अपनी गाड़ी से वहां पहुंच गए। बीडीओ ने तीनों बच्चों को अपनी गाड़ी से स्वयं बिसवां पहुंचाया। यहां सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शरद राज की मौत हो गई जबकि कोमल को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान कोमल की भी मौत हो गई।