गोसाईंगंज में बुधवार दोपहर दोस्तों के साथ ड्रीमवैली पार्क घूमने गए सगे भाई रमेश (25) और अनिल मौर्या (22) इंदिरा नहर में डूब गए। पुलिस ने गोताखोर लगाए लेकिन दोनों का पता नहीं चला।
गुरुवार को भी दोनों की तलाश की गई लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। एसओ अरविंद पांडेय का कहना है कि दोनों युवक बहकर काफी दूर चले गए होंगे। आगे के जनपदों की पुलिस से संपर्क किया गया है।
एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि मूल रूप से बलिया निवासी रमेश और अनिल यहां सरस्वतीपुरम में पिता राम अवध मौर्या के साथ रहते थे। रमेश गोमतीनगर की एक मोबाइल शॉप में काम करता है, जबकि अनिल पतंजलि के स्टोर में कर्मचारी है।
बुधवार को वह अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ ड्रीमवैली पार्क गए थे। यहां सबने जमकर होली खेली और मौज-मस्ती की। करीब चार बजे सभी नहाने के लिए इंदिरा नहर चले गए। अनिल नहर में उतरकर नहाने लगा। वह डूबने लगा तो चीख-पुकार शुरू हो गई। रमेश उसे बचाने के लिए गया तो वह भी तेज धार में फंस गया। देखते ही देखते दोनों भाई डूब गए।