लखनऊ। हसनगंज में बुधवार रात दो भाइयों पर मोहल्ले में रहने वाले पांच भाइयों ने हमला कर दिया। दोनों की हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चार को गिरफ्तार कर लिया है।
जोशी टोला के सुजीत जोशी ने बताया कि उनकी मोहल्ले के राहुल जोशी, उसके भाइयों ललित, अमित, अभिजीत और सुमित से रंजिश है। आरोप है कि बुधवार रात नौ बजे सुजीत के भाई रवि व अंकित घर लौट रहे थे। तभी घात लगाए बैठे आरोपियों ने घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर तलवार व रॉड से हमला कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। हालत नाजुक होने के कारण रवि को बलरामपुर अस्पताल से ट्रॉमा रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर चितवन कुमार ने बताया कि राहुल, ललित, अमित और सुमित को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभिजीत की तलाश में दो टीमें दबिश दे रही हैं। आरोपियों ने लोहे की पट्टी से हमला किया था।