आवारा कुत्तों की वजह से दो दोस्तों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। घटना चौपटिया इलाके की है। दोनों शुक्रवार तड़के करीब चार बजे चाय पीने बाइक से घर से निकले कि कुत्ते उनके पीछे पड़ गए। बचने के लिए बाइक दौड़ाई तो वह बेकाबू हो बिजली के खंभे से जा टकराई। हेलमेट नहीं पहने होने के वजह से दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर दोनों ने दम तोड़ दिया।
सीओ बाजारखाला राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि वजीरबाग के रुस्तमनगर निवासी फैजान हुसैन (19) और उसका दोस्त हसनपुरिया का आसिफ अली उर्फ सोनू (17) बाइक से चौपटिया से अकबरीगेट की तरफ जा रहे थे। भोलानाथ कुआं के पास सड़क किनारे बिजली का खंभा लगा है। बाइक आसिफ चला रहा था।
कुत्तों से बचने के चक्कर में आसिफ ने बाइक की स्पीड बढ़ा दी। इससे बेकाबू हुई बाइक संकरी सड़क पर लगे खंभे से जा भिड़ी। दोनों उछले और सिर के बल खंभे से टकरा गए। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को ट्रॉमा सेंटर ले गई जहां चिकित्सकों ने भी उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ ने बताया कि दोनों चाय पीने की बात कहकर घर से निकले थे।