सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के धरई कोडरी मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से चार लोगों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली अंतर्गत पूरे जोधी निवासी मजरे मटका निवासी जाहिद अली (38) पुत्र रसूलबक्स बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे पत्नी महरून निशा समधन शायरा बानो और नाती नाहिद (डेढ़ साल) के साथ ग्राम नेवादा से एक निमंत्रण में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। हरिश्चंद्र पुत्र मातादीन अपने भांजे राजेश निवासी लालू पट्टी संग्रामगढ़ के साथ बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक धरई कोडरी मार्ग पर दोनों बाइकों की भिड़ंत हुई, जिसमें जाहिद अली की मौके पर मौत हो गई। जबकि महरून निशा, शायरा बानो, हरिश्चन्द्र, राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। नाहिद मामूली रूप से जख्मी हो गया। घायलों को सीएचसी लाया गया।
चिकित्सक डॉक्टर सतेंद्र त्रिपाठी ने प्राथमिक उपचार किया तथा महरून निशा, शायरा बानो, हरिश्चन्द्र व राजेश को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि धरई कोडरी मार्ग पर हुए हादसे में पांच लोगों के घायल होने व एक युवक की मौत हुई है।तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।